भूमि विवाद और प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश की वजह, चतरा पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया देवचरण यादव हत्याकांड

चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलवार गांव में हुए चर्चित देवचरण यादव हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और सघन जांच के आधार पर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए मृतक के ही भाई, भाभी, भतीजे और भतीजी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भूमि विवाद और अवैध प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक तनाव ने इस वारदात को जन्म दिया।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि 28 जून को सेलवार गांव निवासी देवचरण यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद हंटरगंज थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि देवचरण यादव की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई कामदेव यादव, भाभी बिंदु देवी, भतीजे विकास यादव तथा भतीजी प्रियंका देवी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं प्रेम प्रसंग को लेकर भी परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। इसी तनाव के बीच चारों ने मिलकर देवचरण यादव की हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई के कारण इस ब्लाइंड मर्डर केस का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। चतरा पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

भूमि विवाद और प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश की वजह, चतरा पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया देवचरण यादव हत्याकांड
झारखण्ड
इटखोरी में विहिप-बजरंग दल की बैठक संपन्न, सेवा सप्ताह में 600 पौधारोपण व 5 मेडिकल कैंप का लक्ष्य

इटखोरी (चतरा)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, इटखोरी प्रखंड की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री श्री मनोज पोद्दार उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार 'ॐ' के उच्चारण के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष श्री योगेश्वर साहू ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना तथा इटखोरी प्रखंड की सभी पंचायतों तक विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की संगठनात्मक समितियों का विस्तार करना था। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत सह मंत्री श्री मनोज पोद्दार ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार गांव और पंचायत स्तर तक सक्रिय समितियां हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में प्रत्येक पंचायत तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 5 जुलाई से 12 जुलाई तक बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान निःशुल्क चिकित्सा शिविर, वृक्षारोपण, सेवा एवं जनजागरण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में इटखोरी प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने सेवा सप्ताह के दौरान पूरे प्रखंड में 600 पौधे लगाने तथा 5 निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि अगले 15 दिनों के भीतर प्रखंड की सभी पंचायतों में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की समितियों का गठन एवं विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, सेवा कार्यों को गति देने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रांत विद्यार्थी प्रमुख श्री अमित पासवान, जिला मंत्री श्री सुधीर कुमार, बजरंग दल जिला संयोजक श्री अंकित पांडे, जिला अर्चक-पुरोहित प्रमुख श्री मनोज पांडे, प्रखंड अध्यक्ष श्री योगेश्वर साहू सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।